नई दिल्ली । ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के नए एपिसोड में अमिताभ बच्चन और बिहार के भागलपुर से आए प्रतियोगी बबलू कुमार के बीच हुई मजेदार बातचीत ने दर्शकों को खूब हंसाया। ‘फास्टेस्ट बजर फर्स्ट’ जीतकर हॉट सीट तक पहुंचे बबलू की प्रोफाइल में उनका पेशा ‘बीवी पगलू’ लिखा था। इसे पढ़कर अमिताभ बच्चन ने उनसे मजाकिया अंदाज में सवाल किया, जिसके बाद दोनों के बीच दिलचस्प बातचीत हुई।
‘फास्टेस्ट बजर फर्स्ट’ जीतकर हॉट सीट पहुंचे बबलू
एपिसोड की शुरुआत अमिताभ बच्चन द्वारा दर्शकों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने कार्यक्रम में किए गए नए बदलावों के बारे में जानकारी दी। बिहार के भागलपुर निवासी बबलू कुमार पंडित ने ‘फास्टेस्ट बजर फर्स्ट’ में बाजी मारकर हॉट सीट पर अपनी जगह बनाई।
अमिताभ बच्चन द्वारा नाम पुकारे जाने के बाद बबलू उत्साह में मंच पर पहुंचे और बिग बी के पैर छूने लगे। इस दौरान वह भावुक भी दिखाई दिए। अमिताभ ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें उठाया और हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि वह काफी भारी हैं और उन्हें उठाने में परेशानी हो रही है।
पत्नी को बताया अपना भाग्यशाली सहारा
कार्यक्रम के दौरान बबलू ने बताया कि वह लंबे समय से ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में आने की कोशिश कर रहे थे। उनके परिवार और रिश्तेदारों की भी इच्छा थी कि वह एक दिन इस कार्यक्रम की हॉट सीट पर बैठें। बातचीत में उन्होंने अपनी पत्नी को अपना भाग्यशाली सहारा बताया।
इसके बाद अमिताभ बच्चन की नजर बबलू की प्रोफाइल पर गई। इसमें उनके पेशे के तौर पर ‘बीवी पगलू’ लिखा हुआ था। इसे पढ़ते ही अमिताभ मुस्कुरा दिए और उन्होंने बबलू से उनके इस अनोखे पेशे के बारे में पूछते हुए मजाक किया।
‘बीवी मालकिन है, हर पति को मानना चाहिए’
अमिताभ बच्चन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि प्रोफाइल में पेशा ‘बीवी पगलू’ लिखा है और वह सोच रहे थे कि शायद बबलू श्रम मंत्रालय में काम करते हैं। इस पर बबलू ने जवाब दिया कि आदमी सिर्फ अपनी पत्नी की नौकरी करता है।
बबलू की बात सुनकर अमिताभ भी हंसी-मजाक में शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि पत्नी ही मालकिन होती है और हर पति को यह बात स्वीकार कर लेनी चाहिए। उन्होंने मजाक में यह भी कहा कि ऐसा करने पर पति जीवित रहेगा, वरना उसे घर से निकाल दिया जाएगा।
‘हम जया जी के पति हैं’
बातचीत के दौरान बबलू ने अमिताभ बच्चन से ही पूछ लिया कि क्या वह भी ‘बीवी पगलू’ हैं। इस सवाल पर अमिताभ ने बेहद सहज और मजेदार जवाब दिया। उन्होंने कहा, “हमसे जो भी पूछता है, हम बोलते हैं हम जया जी के पति हैं।”
अमिताभ बच्चन का यह जवाब सुनकर स्टूडियो में मौजूद दर्शक हंस पड़े। बबलू और बिग बी की यह बातचीत कार्यक्रम के सबसे मजेदार पलों में शामिल रही और दर्शकों को भी खूब पसंद आई।
‘केबीसी 18’ में हुए कई बदलाव
इस बार ‘कौन बनेगा करोड़पति’ में कुछ नए बदलाव किए गए हैं। ‘फास्टेस्ट फिंगर फर्स्ट’ की जगह ‘फास्टेस्ट बजर फर्स्ट’ शुरू किया गया है। इसके अलावा ‘बजर बट्टू’ भी कार्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। इसमें सबसे पहले बजर दबाने वाले तीन प्रतियोगियों को जवाब देने का अवसर मिलता है। सही जवाब देने वाला प्रतियोगी हॉट सीट तक पहुंचता है।



