घर-घर जाकर अपील करें हमें राम भक्त चाहिए राम विरोधी नहीं : योगी आदित्यनाथ

कानपुर देहात : लोकसभा चुनाव के चौथे चरण के लिये शनिवार देर शाम से चुनावीं सभाओं का सिलसिला थम जाएगा। जिससे पहले प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कन्नौज लोकसभा के झींझक में जनसभा करके भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगा। उन्होंने जनता से अपील की है कि वह लोगों के घरों में जाकर मोदी जी के लिये वोट मांगे और अपील करें कि हमें राम भक्त चाहिए राम विरोधी नहीं।

लोकसभा चुनाव के तीन चरणों के बाद अब चौथे चरण के चुनाव 13 मई को होने वाले हैं, जिसको लेकर सभी राजनीतिक दलों ने अपने स्टार प्रचारकों को सभी लोकसभाओं में प्रचार के अंतिम समय के लिए लगा दिया है। शुक्रवार को इंडिया गठबंधन से राहुल गांधी और अखिलेश यादव ने कन्नौज लोकसभा के झींझक में एक जनसभा कर गठबंधन को जिताने की अपील की थी। वहीं प्रचार-प्रसार के अंतिम दिन भाजपा के स्टार प्रचारक और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झींझक के चन्द्रभान डिग्री कॉलेज के पास करियाझाला तिराहा रसूलाबाद में आयोजित जनसभा में पहुंचे।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले धर्मगण बाबा को नमन किया। उन्होंने कहा कि इस बार लोकसभा चुनाव में उप्र से 80 की 80 सीटें लानी हैं। उन्होंने कहा कि विकास है तो विरासत भी है। अयोध्या में राम मंदिर बन गया, ज्यादा से ज्यादा लोग मंदिर हो आये हैं। आज नई अयोध्या का दर्शन हो रहा है। श्री राम मंदिर के बनने में आपका योगदान रहा है। क्योंकि आपने ही दिल्ली और लखनऊ की सरकार अपने वोट से बनाई हैं। इस बार भी आपको अपना योगदान देना है। इस बार 500 वर्षों में पहली बार भगवान राम का सूर्य तिलक हुआ है। हमारी पीढ़ी भाग्यशाली है जो यह नजारा देखने के लिए हमको मिला है। नया भारत केवल बोलता नहीं है करके दिखाता है। भाजपा ने कहा था कि राम लला हम आएंगे मंदिर वहीं बनाएंगे, जो करके भी दिखाया है।

योगी ने कहा कि सपा ने राम भक्तों पर गोली चलवाई। अब मोदी जी के संकल्प के साथ जुड़ने का वक़्त है। बीजेपी का संकल्प देश के लिए है। विपक्ष को सत्ता अपने परिवार के लिए चाहिए जिससे वह अपनी जेब भर सकें। सपा के समय में हर तीसरे दिन दंगे होते थे, कोई सुरक्षित नहीं था। अब नए भारत में बहन-बेटियां सुरक्षित हैं। माफियाओं के लिए प्रदेश में कोई जगह नहीं है। परम् राम भक्त पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह की मृत्यु पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कोई संवेदना नहीं की। जब मुलायम सिंह जी का निधन हुआ मैं स्वयं गया था और प्रधानमंत्री ने सम्वेदना प्रकट की थी। अखिलेश माफियाओं के प्रति और आतंकवादियों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हैं। एक तरफ राम भक्त हैं और एक तरफ राम द्रोही हैं जो देश और आपके खिलाफ षड्यंत्र रच रहे हैं। मोदी जी के साथ जुड़कर एक आत्मनिर्भर और खुशहाल भारत बनाना है। भारत के अंदर सर्वत्र खुशहाली के लिये आपका समर्थन चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी ने सपा अध्यक्ष और इंडी गठबंधन पर चुटकी लेते हुए निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कन्नौज में कोई प्रत्याशी नहीं मिला गठबंधन को तो खुद अखिलेश यादव को यहां से मैदान में आना पड़ा। सपा सरकार में कन्नौज की सुगंध में दुर्गंध फैलाने का काम करते थे, उस वक़्त प्रतिदिन दंगे होते थे। उप्र की भाजपा सरकार में सात वर्ष में कोई दंगा नहीं हुआ, कोई कर्फ्यू नहीं लगा। आज एक जनपद एक उत्पाद के माध्यम से देश प्रगति कर रहा है। 80 की 80 लोकसभा जितने के लिए आपका आशीर्वाद चाहिए। उन्होंने जनसभा में आये सभी लोगों से अपील की कि वह सभी लोगों के घरों में जाकर भाजपा के लिए वोट मांगे और लोगों से अपील करें कि हनको राम भक्त चाहिए राम विद्रोही नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *