हथियार सप्लायर आया गिरफ्त में। पिस्तौल और कारतूस के साथ युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले की उलीडीह पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक युवक को देसी पिस्तौल और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में मिले सुराग के आधार पर हथियार सप्लायर को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई

उलीडीह थाना प्रभारी मोहम्मद शारिक अली ने बताया कि 18 जून को सूचना मिली थी कि एक युवक नीले रंग की आर-15 बाइक पर अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पटमदा डीएसपी दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।

पुलिस ने डिमना चौक के पास घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से 7.65 एमएम का एक देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

30 हजार रुपये में खरीदा था हथियार

पूछताछ के दौरान आरोपित ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने परिचित अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदा था। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हथियार सप्लायर अभिषेक दास को भी गिरफ्तार कर लिया।

नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26) और उलीडीह थाना क्षेत्र के शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी अभिषेक दास (25) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री का नेटवर्क कहीं और तक फैला हुआ है या नहीं।

दोनों आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *