पलामू । पलामू जिले में सोमवार को 77वां गणतंत्र दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्य समारोह का आयोजन पलामू के पुलिस लाइन स्टेडियम में आयोजित हुआ। यहां झारखंड के वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर ने तिरंगा झंडा फहराया और सलामी दी। झंडा फहराने से पहले मंत्री ने एक खुली और सुसज्जित जीप में सवार होकर परेड का निरीक्षण किया। जिला पुलिस, गृह रक्षा वाहिनी के अलावा स्काउट और गाइड ने परेड करते हुए तिरंगे और मुख्य अतिथि को सलामी दी।
मौके पर मंत्री ने कहा कि बिहार सहित अन्य राज्यों की तर्ज पर झारखंड की लड़कियों को भी हमारी सरकार 10 -10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसका प्रस्ताव तैयार किया गया है। हाल के दिनों में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक हुई थी, इसी बैठक में झारखंड की लड़कियों को 10-10 हजार रुपये देने के लिए प्रस्ताव दिया गया और सहायता मांगी गई है। बहुत जल्द इस पर निर्णय होने की संभावना है।
दिशोम गुरु को पद्म विभूषण दिया गया है, राज्य सरकार इसका स्वागत करती है। दिशोम गुरु को भारत रत्न दिया जाए, इस संबंध में एक प्रस्ताव तैयार कर झारखंड की विधानसभा केंद्र सरकार को भेज चुकी है।
वित्त मंत्री ने कहा कि पलामू के इलाके में धान की खरीदारी चिंताजनक है। जिला प्रशासन पड़ोस के राज्यों एवं मील से बात कर धान की खरीदारी की गति को बढ़ाए।
कार्यक्रम में सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले लोगों को सम्मानित किया गया। परेड में शामिल पुलिस कर्मियों को भी सम्मानित किया गया।
मौके पर आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, डीसी समीरा एस, एसपी रीष्मा रमेशन सहित कई अधिकारी माैजूद थे।
