Homeबिहारराष्ट्रीय सहकारी समितियों से सम्बद्ध होंगी बिहार की सहकारी समितियां - डॉ....

राष्ट्रीय सहकारी समितियों से सम्बद्ध होंगी बिहार की सहकारी समितियां – डॉ. प्रमोद

पटना। बिहार के सहकारिता मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को राज्य की सहकारी समितियों की राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं में सदस्यता की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मंत्री ने सभी सहकारी समितियों को नई राष्ट्रीय सहकारी संस्थाओं-राष्ट्रीय सहकारी ऑर्गेनिक्स लिमिटेड (एनओसीओएल), भारतीय बीज सहकारी समिति लिमिटेड (बीबीएसएसएल) और राष्ट्रीय सहकारी निर्यात लिमिटेड (एनसीईएल) में शीघ्र सदस्यता लेने का निर्देश दिया।

समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा स्थापित ये नई राष्ट्रीय सहकारी संस्थाएं सहकारिता आंदोलन को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल हैं। बिहार की सहकारी समितियों की सक्रिय भागीदारी से किसानों को आधुनिक तकनीक, बेहतर बाजार और उचित मूल्य का लाभ मिल सकेगा। साथ ही सहकारी ढांचे के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अधिक अवसर सृजित होंगे और ‘सहकार से समृद्धि’ के संकल्प को साकार करने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सहकारिता क्षेत्र के सुदृढ़ीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। इन राष्ट्रीय संस्थाओं में सदस्यता से बिहार की सहकारी समितियां विकास के नए आयाम स्थापित करेंगी तथा किसानों की आय में स्थायी वृद्धि सुनिश्चित कर सकेंगी। मंत्री ने अभियान चलाकर राज्य की सभी सहकारी समितियों को शीघ्र सदस्यता दिलाने का निर्देश दिया।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान में बीबीएसएसएल में 5,406, एनओसीओएल में 400 और एनसीईएल में 436 सहकारी समितियां सदस्यता प्राप्त कर चुकी हैं।

एनओसीओएल में सदस्यता के लिए सहकारी समितियों को 1,000 रुपये प्रति शेयर की दर से न्यूनतम 21 शेयर (कुल 21,000 रुपये) तथा 500 रुपये प्रवेश शुल्क जमा करना होता है। बीबीएसएसएल में सदस्यता के लिए न्यूनतम एक शेयर (1,000 रुपये) के साथ 500 रुपये प्रवेश शुल्क देय है। वहीं, एनसीईएल में सदस्यता हेतु न्यूनतम एक शेयर (10,000 रुपये) तथा 500 रुपये प्रवेश शुल्क जमा करना आवश्यक है।–

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments