रिश्वतखोर वर्दीवाला चढ़ा सीबीआई के हत्थे। 40 हजार घुस लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

नई दिल्ली : केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने चंडीगढ़ पुलिस के सेक्टर-39 थाने में तैनात सहायक उपनिरीक्षक (एएसआई) हितेश कुमार को 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपित पर सड़क दुर्घटना मामले में वाहन को छोड़ने और शिकायतकर्ता के खिलाफ मामला दर्ज नहीं करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

सीबीआई ने रविवार को बताया कि इस मामले में 6 जून को शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि एएसआई हितेश कुमार ने सड़क दुर्घटना से जुड़े एक मामले में उसका वाहन छोड़ने और उसके खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज नहीं करने के एवज में 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। जांच के दौरान बातचीत के बाद आरोपित 40 हजार रुपये लेने पर सहमत हो गया था।

रिश्वत की राशि तय होने के बाद सीबीआई ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और 6 जून को आरोपित एएसआई को शिकायतकर्ता से 40 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार एएसआई को चंडीगढ़ की सक्षम अदालत में पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई के साथ ही सीबीआई ने आरोपित के विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान भी शुरू कर दिया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *