राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में तेज रफ्तार कार डैम में गिर गई। हादसे में कार सवार पांच दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी श्रद्धालु राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे।
डैम से निकाले गए पांचों शव
खुजनेर थाना पुलिस के अनुसार, शाजापुर जिले के ग्राम अरंडिया खुर्द और अरंडिया के रहने वाले पांच दोस्त शनिवार सुबह करीब आठ बजे स्विफ्ट कार से खाटू श्याम के दर्शन के लिए निकले थे। दोपहर में भीलखेड़ी जोड़ के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित डैम में जा गिरी। सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण, पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। क्रेन की मदद से पानी में डूबी कार को बाहर निकाला गया, जिसमें पांचों के शव मिले।
मृतकों की हुई पहचान, जांच जारी
खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि मृतकों की पहचान गोविंद तिवारी (55), कमल किशोर तिवारी (57), शंकर नाथ (58), अरविंद वर्मा (48) और रोहित पटेल (40) के रूप में हुई है। गोविंद तिवारी और कमल किशोर तिवारी आपस में चचेरे भाई थे।
पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार की तेज रफ्तार और चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। कार में किसी अन्य व्यक्ति के होने की आशंका को देखते हुए डैम में तलाश अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


