सावधान ! 30 से 1 तक भारी बारिश का अलर्ट। जाने अपने क्षेत्र के मौसम का हाल…

रांची। झारखंड में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई को राज्य के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है।

30 जून और 1 जुलाई को इन जिलों में भारी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार 30 जून को बोकारो और धनबाद सहित उत्तर-पूर्वी एवं मध्यवर्ती क्षेत्रों में भारी वर्षा हो सकती है। वहीं 1 जुलाई को देवघर, दुमका, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, गोड्डा, रांची, खूंटी, रामगढ़, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में भी भारी बारिश की संभावना है।

पिछले 24 घंटे में कोलेबिरा में सबसे अधिक बारिश

विभाग के मुताबिक पिछले 24 घंटे में सिमडेगा जिले के कोलेबिरा में सबसे अधिक 38.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सबसे कम तापमान रांची स्थित बीएयू परिसर के पास 21.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी में उमस, बारिश की संभावना बरकरार

शनिवार को रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से तेज धूप और उमस रही। हालांकि मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिमी जिलों को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई है। इसे देखते हुए लोगों को अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर नहीं जाने की सलाह दी गई है।

प्रमुख शहरों का तापमान

रांची में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जमशेदपुर में 37 डिग्री, डाल्टनगंज में 40.2 डिग्री, बोकारो में 39.1 डिग्री और चाईबासा में 35.8 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों से मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *