रांची। शिया समुदाय की ओर से हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों की याद में चार अगस्त को चेहल्लुम का मातमी जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस को लेकर समुदाय स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है।
कर्बला के शहीदों की याद में निकलेगा जुलूस
शिया समुदाय के प्रतिनिधि सैयद फराज अब्बास ने बताया कि चेहल्लुम का मातमी जुलूस मुहर्रम की 10वीं तारीख आशूरा के 40 दिन बाद निकाला जाता है। यह दिन कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि देने और उनके बलिदान व संदेश को याद करने का अवसर होता है।
उन्होंने बताया कि चार अगस्त को सुबह 10 बजे जुलूस मेन रोड स्थित विश्वकर्मा मंदिर लेन में स्वर्गीय अधिवक्ता सैयद यावर हुसैन के आवास ‘अनवर आर्केड’ से शुरू होगा।
इन मार्गों से गुजरेगा जुलूस
मातमी जुलूस मेन रोड, अंजुमन प्लाजा चौक, उर्दू लाइब्रेरी, डेली मार्केट, ओल्ड टैक्सी स्टैंड, गांधी चौक स्थित हनुमान मंदिर, काली मंदिर चौक, चर्च रोड, विक्रांत चौक होते हुए कर्बला चौक पहुंचेगा। इसके बाद कर्बला में जुलूस का समापन होगा।
आयोजकों के अनुसार, जुलूस के दौरान अकीदतमंद मातम और नौहाख्वानी के माध्यम से हजरत इमाम हुसैन और कर्बला के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। जुलूस को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन से सहयोग का अनुरोध किया गया है।


