डीडी बार हत्याकांड: जनता को बंद नहीं, न्याय और समाधान चाहिए : कांग्रेस

पूर्वी सिंहभूम। डीडी बार हत्याकांड को लेकर प्रस्तावित बंद के बीच पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा है कि किसी भी दुखद घटना की आड़ में राजनीति नहीं होनी चाहिए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि जनता को बंद नहीं, बल्कि त्वरित न्याय और स्थायी समाधान की आवश्यकता है।

दुखद घटना पर राजनीति उचित नहीं

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि पिछले तीन दिनों से जिले की आम जनता लगातार परेशान है। व्यापार, शिक्षा, आवागमन और दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है, जबकि प्रशासन स्थिति को सामान्य बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। ऐसे में बंद का आह्वान किस उद्देश्य से किया जा रहा है, यह समझ से परे है।

उन्होंने कहा कि जब पीड़ित परिवार प्रशासन की पहल पर सहमति जता चुका है, आवश्यक दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कर चुका है और एक घायल व्यक्ति अभी भी अस्पताल में उपचाराधीन है, तब आम लोगों को परेशानी में डालना कहीं न कहीं राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास प्रतीत होता है।

न्याय के साथ शांति भी जरूरी

परविंदर सिंह ने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट मत है कि किसी भी दुखद घटना पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। न्याय की मांग प्रत्येक नागरिक का अधिकार है, लेकिन न्याय के नाम पर जनजीवन बाधित करना, आम लोगों को कठिनाई में डालना और सामाजिक सौहार्द प्रभावित करना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता को बंद नहीं, न्याय और समाधान चाहिए।

कांग्रेस ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सभी सामाजिक और राजनीतिक संगठनों से शांति, भाईचारे और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।

परविंदर सिंह ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम की जनता को अशांति नहीं बल्कि शांति, राजनीति नहीं बल्कि समस्या का समाधान और बंद नहीं बल्कि न्याय चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *