Homeझारखंडधनतेरस आज, कल हनुमान जयंती, 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावली

धनतेरस आज, कल हनुमान जयंती, 20 अक्टूबर को मनाई जाएगी दीपावली


रांची। शहर और आसपास के बाजारों में शुक्रवार शाम से ही रौनक दिखने लगी है। सोने-चांदी के जेवर, बर्तन, इलेक्ट्रॉनिक और ऑटोमोबाइल दुकानों में खरीदारी को लेकर भीड़ उमड़ पड़ी है। आज धनतेरस का पर्व मनाया जा रहा है , जिसके साथ ही दीपोत्सव की शुरुआत हो जाएगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित रामदेव पांडेय ने बताया कि त्रयोदशी तिथि शनिवार दोपहर 1 बजकर 20 मिनट से प्रारंभ होगी, और इसी के साथ धनतेरस का शुभ मुहूर्त आरंभ होगा। इस दिन भगवान धनवंतरि, माता लक्ष्मी और कुबेर की पूजा का विशेष विधान है। शाम के समय दीपदान और घर के द्वार पर नए दीप जलाने से समृद्धि की प्राप्ति होती है।
धनतेरस के बाद रविवार, 19 अक्तूबर को हनुमान जयंती मनाई जाएगी। पंडित पांडेय के अनुसार, भगवान हनुमान का जन्म मेष लग्न में हुआ था, इसलिए यह लग्न इस पर्व पर विशेष शुभ माना गया है। मेष लग्न शाम 5:12 से 6:51 बजे तक रहेगा। इस दौरान हनुमानजी की पूजा, अभिषेक और संकटमोचन पाठ करने से मनोवांछित फल प्राप्त होते हैं।
वहीं, इस वर्ष दीपावली की तिथि को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई थी। लेकिन ज्योतिषाचार्य पंडित पांडेय ने स्पष्ट किया कि दीपावली हमेशा अमावस्या तिथि को ही मनाई जाती है। इस वर्ष अमावस्या 20 अक्तूबर दोपहर 2:30 बजे से प्रारंभ होगी।
शाम 6:51 से रात 8:48 बजे तक वृष लग्न रहेगा, जो महालक्ष्मी पूजन के लिए सर्वश्रेष्ठ समय माना गया है। इसी कारण, 20 अक्तूबर (सोमवार) को दीपावली मनाने की सहमति जताई गई है।



शुभ मुहूर्त
• धनतेरस पूजा: 18 अक्तूबर, दोपहर 1:20 बजे से रात्रि तक
• हनुमान जयंती पूजन: 19 अक्तूबर, शाम 5:12 से 6:51 बजे तक (मेष लग्न)
• दीपावली एवं महालक्ष्मी पूजन: 20 अक्तूबर, शाम 6:51 से रात 8:48 बजे तक (वृष लग्न)
विशेष: धनतेरस पर नया बर्तन, चांदी का सिक्का या झाड़ू खरीदना शुभ माना गया है। दीपावली की रात लक्ष्मी पूजन के साथ घर के हर कोने में दीप जलाना समृद्धि का प्रतीक है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments