काठमांडू। नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के प्रथम महाधिवेशन में प्रदेश सभा समाप्त करने संबंधी राजनीतिक प्रस्ताव पारित होने के बाद पार्टी के सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह ने इसका खुलकर विरोध किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, संघीयता और समावेशिता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
लोकतंत्र और संघीय व्यवस्था से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं
जनकपुरधाम से सोशल मीडिया के माध्यम से प्रतिक्रिया देते हुए सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह ने कहा कि यदि नेपाल की लोकतांत्रिक व्यवस्था, संघीय शासन प्रणाली और समावेशी चरित्र के साथ कोई छेड़छाड़ करने की कोशिश करेगा तो नेपाली जनता उसका सशक्त विरोध करेगी।
उन्होंने कहा, “जगत जननी सीतामाता की भूमि जनकपुरधाम से फिर कह रहा हूं कि नेपाल के लोकतंत्र, संघीयता और समावेशिता के साथ यदि कोई छेड़छाड़ करता है तो जनता उसका मजबूती से प्रतिरोध करेगी।”
जनता की प्राथमिकता सुशासन और समृद्धि
सांसद सिंह ने कहा कि नेपाली जनता की सबसे बड़ी अपेक्षा सुशासन और समृद्धि है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से इन मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की अपील करते हुए कहा कि जनता के हित सर्वोपरि हैं और वह हर कदम पर जनता के साथ खड़े रहेंगे।
प्रदेश सभा समाप्त करने के प्रस्ताव पर बढ़ी बहस
राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी ने अपने प्रथम महाधिवेशन में प्रदेश सभा को समाप्त करने संबंधी नीति दस्तावेज को मंजूरी दी है। इस निर्णय के बाद नेपाल के राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे पर बहस तेज हो गई है।
गौरतलब है कि पार्टी और सरकार की नीतियों पर लगातार आलोचनात्मक रुख अपनाने वाले सांसद डॉ. अमरेश कुमार सिंह प्रथम महाधिवेशन में भी शामिल नहीं हुए।
