Homeबिहार15 अगस्त को ऐतिहासिक गांधी मैदान में शान से लहराएगा तिरंगा :...

15 अगस्त को ऐतिहासिक गांधी मैदान में शान से लहराएगा तिरंगा : जिलाधिकारी

मोतिहारी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सौरभ सुमन यादव ने समाहरणालय स्थित डॉ. राधाकृष्णन सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को समय पर तैयारियां पूरी करने और समारोह को गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित करने का निर्देश दिया।

प्रभारी मंत्री करेंगे झंडोत्तोलन

जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त को सुबह 9 बजे मोतिहारी के ऐतिहासिक गांधी मैदान में जिला प्रभारी मंत्री एवं बिहार सरकार के ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के मंत्री राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। इस अवसर पर वे जिले में चल रहे विकास कार्यों, प्रगति योजनाओं और प्रमुख परियोजनाओं पर आधारित संबोधन भी देंगे। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले लोगों को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

बैठने और मीडिया कवरेज की विशेष व्यवस्था

बैठक में गांधी मैदान की तैयारियों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों के लिए बेहतर बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। महिलाओं के लिए अलग दीर्घा और पत्रकारों के लिए अलग से बैठने तथा कार्यक्रम कवरेज की व्यवस्था करने को कहा गया।

महापुरुषों की प्रतिमाओं पर होगा माल्यार्पण

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर निगम क्षेत्र में स्थापित सभी महापुरुषों की प्रतिमाओं पर जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा माल्यार्पण किया जाएगा। नगर आयुक्त को प्रतिमाओं की साफ-सफाई, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए गए।

झंडोत्तोलन का कार्यक्रम तय

जिला स्तर पर झंडोत्तोलन का कार्यक्रम निर्धारित कर दिया गया है। गांधी मैदान में सुबह 9 बजे, समाहरणालय परिसर में 9:45 बजे, सदर अनुमंडल कार्यालय में 9:50 बजे, नगर निगम कार्यालय में 10:05 बजे, गांधी संग्रहालय में 10:15 बजे, जिला परिषद कार्यालय में 10:25 बजे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय में 10:35 बजे और पुलिस केंद्र मोतिहारी में 10:40 बजे ध्वजारोहण होगा। इसके बाद 11:05 बजे से महादलित टोलों में झंडोत्तोलन कराया जाएगा। इस बार विशेष रूप से महिलाओं द्वारा ध्वजारोहण कराने के निर्देश प्राप्त हुए हैं।

13 अगस्त को होगी फुल ड्रेस रिहर्सल

जिलाधिकारी ने बताया कि 13 अगस्त को सुबह 9 बजे स्वतंत्रता दिवस परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल होगी, जिसमें सभी टुकड़ियां और संबंधित अधिकारी मौजूद रहेंगे। बरसात के मौसम को देखते हुए गांधी मैदान के परेड ट्रैक को दुरुस्त करने और मैदान सहित कलेक्ट्रेट परिसर एवं प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

लाइव प्रसारण और सांस्कृतिक संध्या की तैयारी

मुख्य समारोह का लाइव प्रसारण जिला प्रशासन के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, फेसबुक पेज और वेबकास्ट के माध्यम से किया जाएगा। वहीं 15 अगस्त को दोपहर 2 बजे गांधी मैदान में जिला प्रशासन और मीडिया टीम के बीच क्रिकेट मैच आयोजित होगा। शाम 5 बजे महात्मा गांधी प्रेक्षा गृह में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सरकारी, निजी और कस्तूरबा गांधी विद्यालयों की चयनित 19 टीमें प्रस्तुति देंगी।

सुरक्षा व्यवस्था के निर्देश

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को अलग से प्रतिनियुक्ति आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए। बैठक के बाद जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, उप विकास आयुक्त और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गांधी मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments