नई दिल्ली। शिक्षा व्यवस्था में सुधार और कथित परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में अनशन पर बैठे सोनम वांगचुक के समर्थन में अब कई फिल्मी हस्तियां सामने आई हैं। उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर अभिनेता इमरान खान, अभिनेत्री फातिमा सना शेख, कॉमेडियन समय रैना और अभिनेता आयुष शर्मा समेत कई कलाकारों ने चिंता व्यक्त करते हुए संवाद और समाधान की अपील की है।
इमरान खान ने उठाई जवाबदेही की मांग
अभिनेता इमरान खान ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि छात्रों से ईमानदारी की अपेक्षा की जाती है, तो परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं से भी समान जवाबदेही होनी चाहिए। उन्होंने इसे राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय बताया।
फातिमा सना शेख ने जताई चिंता
अभिनेत्री फातिमा सना शेख ने कहा कि किसी भी छात्र का भविष्य राजनीति से ऊपर है। उन्होंने उम्मीद जताई कि बातचीत के जरिए जल्द समाधान निकले और सोनम वांगचुक को अपनी सेहत दांव पर न लगानी पड़े।
समय रैना ने की स्वस्थ होने की कामना
कॉमेडियन समय रैना ने सोशल मीडिया पर वांगचुक के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हुए लिखा कि यह पूरा मामला जल्द बातचीत के जरिए सुलझना चाहिए।
आयुष शर्मा बोले- शांत नेतृत्व भी होता है प्रभावशाली
अभिनेता आयुष शर्मा ने कहा कि इतिहास बदलने के लिए हमेशा ऊंची आवाज जरूरी नहीं होती। उन्होंने सोनम वांगचुक के शांत, साहसी और सिद्धांतों पर आधारित नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि सही बात के लिए दृढ़ता से खड़ा रहना ही असली ताकत है।
कई अन्य कलाकारों ने भी किया समर्थन
प्रकाश राज, अनुराग कश्यप, जीनत अमान, नसीरुद्दीन शाह, सोनी राजदान, सोनाक्षी सिन्हा, विशाल ददलानी, अभय देओल समेत कई कलाकार भी सोनम वांगचुक के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं और उनकी मांगों पर संवाद के जरिए समाधान निकालने की अपील कर चुके हैं।

