Homeझारखंडपलामू सड़क जाम मामले में जेएलकेएम नेताओं समेत 34 नामजद, 125 अज्ञात...

पलामू सड़क जाम मामले में जेएलकेएम नेताओं समेत 34 नामजद, 125 अज्ञात पर प्राथमिकी

पलामू। मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा में पुलिस चेकपोस्ट उखाड़ने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामले में पुलिस ने जेएलकेएम नेताओं समेत 34 लोगों को नामजद करते हुए 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

जेएलकेएम नेताओं समेत कई लोगों पर मामला दर्ज

सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव और सदर थाना प्रभारी अफजल अंसारी ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में जेएलकेएम नेता आयशा सिंह, अनिकेत मेहता, अभिषेक पासवान सहित 34 लोगों को नामजद किया गया है। इसके अलावा 125 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। सभी आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।

सड़क हादसे के बाद भड़का था ग्रामीणों का आक्रोश

गुरुवार को डालटनगंज-पांकी मुख्य मार्ग स्थित पोखराहा के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हाइवा की चपेट में आने से पांकी प्रखंड के करार गांव निवासी ग्रामीण चिकित्सक मजीद अंसारी की मौत हो गई थी। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग को लगभग छह घंटे तक जाम कर दिया।

ग्रामीणों का आरोप था कि पिछले 15 दिनों में इसी स्थान पर तीन लोगों की सड़क दुर्घटनाओं में मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन ने सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए हैं।

प्रदर्शन के दौरान उखाड़ा गया पुलिस चेकपोस्ट

पुलिस के अनुसार प्रदर्शन के दौरान फोरलेन सड़क किनारे स्थापित पुलिस चेकपोस्ट को उखाड़ दिया गया और सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। सूचना मिलने पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडे और एसडीपीओ राजेश यादव मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से वार्ता कर जाम समाप्त कराया और यातायात बहाल कराया।

दुर्घटनाओं पर स्थायी समाधान की मांग

प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग और पांकी रोड के क्रॉसिंग पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, दुर्घटना-रोधी उपाय और स्थायी समाधान की मांग की। उनका कहना था कि लगातार हो रहे सड़क हादसों से क्षेत्र में भय का माहौल है।

पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments