शेखर खां की रिपोर्ट
केंदुआ। कुसुंडा क्षेत्र संख्या-6 के अंतर्गत गोंदूडीह 6 नंबर में जीटीएस आउटसोर्सिंग कंपनी ने विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर कोयला उत्खनन कार्य शुरू कर दिया। परियोजना का शुभारंभ कुसुंडा कोलियरी के परियोजना पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह, स्थानीय रैयतों और असंगठित मजदूरों ने नारियल फोड़कर किया। इसके बाद पोकलेन मशीन और वॉल्वो वाहनों के जरिए खनन कार्य शुरू हुआ।
हर साल 12 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य
कंपनी के प्रतिनिधि तीरथ सिंह और वाई.के. सिंह ने बताया कि जीटीएस आउटसोर्सिंग कंपनी को पांच वर्षों के लिए यह कार्य मिला है। कंपनी ने प्रतिवर्ष 12 लाख मीट्रिक टन कोयला उत्पादन का लक्ष्य रखा है।
रैयतों और मजदूरों के बीच हुई नोकझोंक
भूमि पूजन और कार्यारंभ के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। इस दौरान रैयतों और असंगठित मजदूरों के बीच कुछ देर के लिए नोकझोंक हुई। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को समझाया और स्थिति को शांत कराया।
कई थानों की पुलिस रही तैनात
कार्यक्रम के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंदुआडीह, गोंदूडीह, लोयाबाद, पुटकी, भगाबांध और मुनीडीह थाना की पुलिस तैनात रही।
इस मौके पर जीटीएस कंपनी के गुरपाल सिंह, तीरथ सिंह, वाई.के. सिंह, हरिहर चौहान, राजेश यादव, टुनटुन यादव, संतोष यादव सहित कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
