प्रिंस खान गैंग के शूटर का हाफ एनकाउंटर, रामगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई। देखें वीडियो…

सुजीत सिन्हा की रिपोर्ट

रामगढ़। रामगढ़ पुलिस ने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात प्रिंस खान गैंग के सक्रिय शूटर शिवराज उर्फ शिव को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपित के पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से दो लोडेड हथियार, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

पुलिस पर फायरिंग के बाद जवाबी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लूणायत ने बताया कि सूचना मिली थी कि हाल ही में जेल से छूटा शिवराज किसी बड़ी आपराधिक वारदात की तैयारी में है। भुरकुंडा थाना क्षेत्र के रीवर साइड केंद्रीय विद्यालय के पास पुलिस ने घेराबंदी की। इस दौरान आरोपित ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

घायल आरोपित को पहले रामगढ़ सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। पुलिस ने मौके से दो लोडेड हथियार, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

लंबा आपराधिक इतिहास, कई मामलों में वांछित

पुलिस के अनुसार शिवराज पहले कुख्यात सुशील श्रीवास्तव-राहुल गैंग से जुड़ा था और बाद में प्रिंस खान गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि जेल से बाहर आने के बाद वह रामगढ़-धनबाद क्षेत्र में गैंग की गतिविधियों को फिर से सक्रिय करने की कोशिश कर रहा था।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपित को भी हिरासत में लिया है। उसके पास से भी हथियार और करीब 20 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। दोनों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

प्रिंस खान गैंग पर लगातार शिकंजा

रामगढ़ पुलिस का यह अभियान झारखंड में संगठित अपराध के खिलाफ चल रही कार्रवाई का हिस्सा माना जा रहा है। हाल के महीनों में प्रिंस खान गैंग के कई सदस्यों की गिरफ्तारी, संपत्ति की कुर्की-जब्ती और गैंग के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि गैंग के अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है और संगठित अपराध के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *