देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान बाबानगरी देवघर में लाखों श्रद्धालुओं और कांवरिया बंधुओं के आगमन को देखते हुए देवघर नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बना दिया है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर नगर निगम की टीम 24 घंटे अलर्ट मोड में रहकर मेला क्षेत्र की स्वच्छता और साफ-सफाई सुनिश्चित कर रही है।
“स्वच्छता भी, साधना भी” और “ग्रीन एवं स्मार्ट श्रावणी मेला” की थीम के तहत नगर निगम पारंपरिक व्यवस्था के साथ आधुनिक तकनीक और अत्याधुनिक मशीनों का उपयोग कर रहा है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवरिया पथ और मेला क्षेत्र में आधुनिक मोबाइल शौचालय स्थापित किए गए हैं। वहीं शौचालयों, मुख्य सड़कों और सार्वजनिक स्थलों की त्वरित सफाई के लिए उच्च-दाब जेटिंग मशीनों का उपयोग किया जा रहा है।
हाईटेक मशीनों से हो रही गहन सफाई
मंदिर परिसर, संकरी गलियों, होल्डिंग प्वाइंट और टेंट सिटी की सफाई के लिए पोर्टेबल उच्च-दाब वाशर और पावर वाशिंग गन का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा संक्रामक बीमारियों की रोकथाम और मच्छर-मक्खियों से बचाव के लिए विशेष फॉगिंग और सैनिटाइजेशन वाहनों के माध्यम से नियमित दवा छिड़काव किया जा रहा है।
कांवरिया पथ, टेंट सिटी और प्रमुख मार्गों पर सफाई मित्र दिन-रात ब्लीचिंग पाउडर और चूने का छिड़काव कर वातावरण को स्वच्छ और दुर्गंधमुक्त बनाए हुए हैं।
सात जोन में बंटी सफाई व्यवस्था
वैज्ञानिक कचरा प्रबंधन के तहत मेला क्षेत्र में सूखे और गीले कचरे के लिए अलग-अलग डस्टबिन लगाए गए हैं। पेयजल आपूर्ति और धुलाई कार्यों के लिए टैंकरों की व्यवस्था भी लगातार जारी है।
नगर निगम ने पूरे मेला क्षेत्र को सात जोन में विभाजित कर सैकड़ों सफाई मित्रों की तैनाती की है। तीन शिफ्टों में कार्यरत कर्मी 24 घंटे सफाई, सैनिटाइजेशन और कचरा निष्पादन का कार्य कर रहे हैं।
नगर आयुक्त ने कहा कि राजकीय श्रावणी मेला-2026 में देवघर नगर निगम हाईटेक मशीनों और समर्पित सफाई मित्रों के सहयोग से श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और दिव्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।


