देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से खाद्य सुरक्षा जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी सौरभ कुमार भुवानिया के निर्देश पर गठित संयुक्त खाद्य सुरक्षा दल ने मंदिर मोड़ स्थित विभिन्न भोजनालयों, ठेला-खोमचा, डिस्ट्रीब्यूटर और थोक दुकानों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान देसी जायका भोजनालय के किचन में भारी गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित प्रतिष्ठान को नोटिस जारी कर जुर्माना लगाने की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही गई। वहीं विभिन्न भोजनालयों में उपयोग किए जा रहे पनीर की गुणवत्ता जांच में संतोषजनक पाई गई।
10 हजार किलो एक्सपायर्ड आटा और 800 किलो बेसन मिला
इंडियन स्पाइस मटन हाउस से संबंधित एक ऑनलाइन शिकायत के आधार पर विस्तृत जांच की गई। जांच के दौरान सिद्धि विनायक ट्रेडिंग में लगभग 360 बैग (करीब 10,000 किलोग्राम) फॉर्च्यून ब्रांड का एक्सपायर्ड आटा और 80 बैग (करीब 800 किलोग्राम) इमामी ब्रांड का एक्सपायर्ड बेसन मिला। पूरे स्टॉक को मौके पर ही अलग कर सुरक्षित रखा गया और अगले आदेश तक उसकी बिक्री पर रोक लगा दी गई।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि संबंधित फर्म के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की प्रासंगिक धाराओं के तहत नोटिस जारी कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्वच्छता मानकों का पालन करने के सख्त निर्देश
निरीक्षण के दौरान सभी होटल, भोजनालय और खाद्य प्रतिष्ठानों को परिसर की साफ-सफाई बनाए रखने, स्वच्छता के मानकों का पालन करने और हाइजीन व्यवस्था दुरुस्त रखने के सख्त निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि श्रावणी मेला के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से संबंधित किसी भी शिकायत पर नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा कार्यालय ने श्रद्धालुओं और उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए 24 घंटे सातों दिन शिकायत हेल्पलाइन नंबर 8448739474 जारी किया है। खाद्य सुरक्षा से संबंधित किसी भी शिकायत की सूचना इस नंबर पर दी जा सकती है।


