देवघर। राजकीय श्रावणी मेला-2026 के सफल, सुरक्षित और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने कांवड़िया रूट लाइन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए बनाए गए अस्थायी ओपी संख्या-06, 07, 08, 09, 10 और 11 का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, कतारबद्ध आवागमन और विधि-व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
अतिक्रमण पर विशेष निगरानी के निर्देश
एसपी ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए कांवड़िया मार्ग पर अतिक्रमण पर विशेष निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावणी मेला के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।


