‘अल्फा’ के लिए हॉलीवुड स्टंट एक्सपर्ट जेसन नोविएलो ने आलिया और शर्वरी को दी विशेष ट्रेनिंग

मुंबई। यशराज फिल्म्स की बहुप्रतीक्षित एक्शन फिल्म ‘अल्फा’ को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हॉलीवुड के मशहूर एक्शन ट्रेनर और स्टंट विशेषज्ञ जेसन नोविएलो ने फिल्म के हाई-ऑक्टेन दृश्यों के लिए अभिनेत्री आलिया भट्ट और शर्वरी को विशेष रूप से प्रशिक्षित किया है। ‘जॉन विक’, ‘बुलेट ट्रेन’ और ‘फ्रॉम द वर्ल्ड ऑफ जॉन विक: बैलेरीना’ जैसी सुपरहिट हॉलीवुड फिल्मों में अपना हुनर दिखा चुके जेसन ने दोनों अभिनेत्रियों की शारीरिक तैयारी और मुश्किल स्टंट्स की पूरी जिम्मेदारी संभाली।

चार दशक के अनुभवी मार्शल आर्टिस्ट की देखरेख में अभ्यास

मार्शल आर्ट्स और अंतरराष्ट्रीय स्टंट परफॉर्मेंस की दुनिया में जेसन नोविएलो एक प्रतिष्ठित नाम हैं। चार दशक से भी अधिक का अनुभव रखने वाले जेसन कई बार के विश्व चैंपियन मार्शल आर्टिस्ट रह चुके हैं और विभिन्न विधाओं में ब्लैक बेल्ट धारक हैं। सटीक और दमदार सिनेमाई स्टंट के लिए पहचाने जाने वाले जेसन ने लंबे समय तक मुंबई में आलिया और शर्वरी के साथ कड़ा अभ्यास कराया, ताकि दोनों अभिनेत्रियां फिल्म के सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण एक्शन दृश्यों को बिना किसी बाधा के प्रभावी ढंग से पर्दे पर उतार सकें।

स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान फिल्म 3 जुलाई को होगी रिलीज

आदित्य चोपड़ा के निर्माण और ‘द रेलवे मेन’ फेम शिव रवैल के निर्देशन में बनी ‘अल्फा’ यशराज फिल्म्स (YRF) के स्पाई यूनिवर्स की पहली महिला प्रधान एक्शन फिल्म है। यह फिल्म भारतीय सिनेमा के इतिहास में एक्शन के एक नए स्तर को छूने के लिए तैयार है। फिल्म में आलिया भट्ट और शर्वरी के अलावा धाकड़ विलेन के रूप में बॉबी देओल और एक महत्वपूर्ण भूमिका में अनिल कपूर नजर आएंगे। यह बहुप्रतीक्षित फिल्म 03 जुलाई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *