पश्चिमी सिंहभूम : जिले के मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत तांतनगर ओपी के खेड़ियाटांगर गांव में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक पिता पर अपनी छह वर्षीय पुत्री की डंडे से पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोपित को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी के अनुसार, छह वर्षीय सोनिया पूर्ति शनिवार रात अपने घर में सो रही थी। इसी दौरान उसके पिता लालसिंह पूर्ति ने कथित रूप से उस पर डंडे से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल बच्ची को परिजन तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल चाईबासा लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के बाद आरोपित का व्यवहार और भी आक्रामक हो गया। उसने अपनी पत्नी पर भी हमला करने का प्रयास किया तथा आसपास मौजूद लोगों को भी दौड़ाने लगा। स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने उसे काबू कर पेड़ से बांध दिया।
स्थानीय मुखिया मंगल सिंह पूर्ति के अनुसार, लालसिंह पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहा था और उसका व्यवहार सामान्य नहीं था। घटना के समय भी वह मानसिक रूप से अस्थिर प्रतीत हो रहा था।
मृतका की मां ने बताया कि लालसिंह पिछले दो-तीन दिनों से बुखार से पीड़ित था और न तो ठीक से भोजन कर रहा था और न ही नियमित रूप से दवाइयां ले रहा था। घटना से पहले वह अपने आप से बातें कर रहा था और उसका व्यवहार असामान्य लग रहा था। परिवार के अनुसार, खाना खाने के बाद उसने उल्टी की थी, जिसके कुछ देर बाद यह घटना हुई।
परिजनों ने बताया कि लालसिंह के पांच बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और चार बेटियां शामिल हैं। सोनिया परिवार की सबसे छोटी संतान थी। उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
