पुणे। केतन अग्रवाल मौत मामले में गिरफ्तार सिया गोयल का एक कथित पुराना पब वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। वीडियो में एक युवती, जिसे सिया गोयल बताया जा रहा है, हाथ में बीयर की बोतल लिए फोन पर बातचीत के दौरान आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करती दिखाई दे रही है। हालांकि, इस वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
वीडियो वायरल होने के बाद बढ़ी चर्चा
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो पिछले वर्ष का है और पुणे के एक पब में रिकॉर्ड किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर सिया गोयल के शराब पीने को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।
इससे पहले सिया की मां पूजा गोयल ने मीडिया से बातचीत में दावा किया था कि उनकी बेटी शराब का सेवन नहीं करती और उसके खिलाफ लगाए जा रहे ऐसे आरोप निराधार हैं। वहीं, केतन अग्रवाल की मां ने आरोप लगाया था कि सिया शराब पीती थी और इस बात की जानकारी उन्हें पहले से थी।
जांच में जुटी पुणे पुलिस
पुलिस के अनुसार, 18 जून को लोहागढ़ किले से गिरने के बाद केतन अग्रवाल की मौत हुई थी। मामले में सिया गोयल और चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया गया है। दोनों पुलिस रिमांड पर हैं और पुलिस उनसे लगातार पूछताछ कर रही है।
जांच एजेंसियों के सामने अब भी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि घटना के दौरान केतन को किसने धक्का दिया। प्रत्यक्षदर्शी और ठोस भौतिक साक्ष्य नहीं मिलने के कारण पुलिस ने अदालत से दोनों आरोपियों के पॉलीग्राफी टेस्ट की अनुमति मांगी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जारी है। वायरल वीडियो की प्रासंगिकता और उसकी प्रमाणिकता की भी जांच की जा सकती है, लेकिन केवल सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा।
