रांची। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र स्थित कोकर के गितिल कोचा में युवक की हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रिंकु बड़ाईक और कार्तिक कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद कर लिया है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक केवी रमण ने शनिवार को प्रेस वार्ता में बताया कि नौ जून को गितिल कोचा निवासी 29 वर्षीय आशिष लकड़ा पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। गंभीर रूप से घायल आशिष को तत्काल इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया, जहां 10 जून को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद मृतक के भाई बिराज लकड़ा के बयान पर सदर थाना में मामला दर्ज किया गया। वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और विभिन्न पहलुओं की जांच के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपितों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन आशिष लकड़ा और दोनों आरोपित एक साथ बैठकर खाना-पीना कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो बाद में मारपीट में बदल गया। गुस्से में आकर आरोपितों ने आशिष पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपितों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।
इस कार्रवाई में डीएसपी संजीव बेसरा, सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार सहित विशेष छापेमारी दल के अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
