पलामू : श्रद्धालुओं की कार हुई हादसे का शिकार, चार की मौत

पलामू। उत्तर प्रदेश के किछौछा शरीफ से दर्शन कर लौट रहे झारखंड के श्रद्धालुओं की कार सड़क हादसे का शिकार हो गई। आजमगढ़ जिले के देवगांव क्षेत्र में एक ट्रक ने कार को टक्कर मार दी, जिससे चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग पलामू जिले के डालटनगंज के निवासी थे और किछौछा शरीफ से लौट रहे थे। दुर्घटना की सूचना शनिवार सुबह मिलते ही डालटनगंज में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतकों में छोटी मस्जिद के सामने स्थित किताब घर के संचालक हाफिज़ रज्जाक, जनता मेडिकल से जुड़े कैश अंसारी, सब्जी मंडी के व्यवसायी शोहराब राईन तथा वाहन चालक शामिल हैं। वहीं चूड़ी व्यवसायी अजमल गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है। चालक की पहचान को लेकर पुलिस आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *