जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोमवार सुबह एनसीसी के माइक्रोलाइट विमान और ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी इंडोथाई के वाहन के बीच टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब माइक्रोलाइट विमान को हैंगर से प्रशिक्षण उड़ान के लिए एप्रन क्षेत्र से होते हुए हवाई पट्टी की ओर ले जाया जा रहा था। टक्कर में विमान क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान में सवार विंग कमांडर पायलट और प्रशिक्षु एनसीसी कैडेट सुरक्षित हैं। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार घटना सुबह करीब 9 से 10 बजे के बीच हुई। विमान में पायलट के साथ एक एनसीसी कैडेट मौजूद था। इसी दौरान एयरपोर्ट की ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी इंडोथाई का वाहन भी परिसर में आवाजाही कर रहा था। एप्रन क्षेत्र में दोनों की आवाजाही के दौरान टक्कर हो गई। हादसे के बाद एयरपोर्ट परिसर में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। विमान और वाहन को सुरक्षित किया गया और संबंधित अधिकारियों को घटना की जानकारी दी गई।
टक्कर के बाद माइक्रोलाइट विमान को तकनीकी जांच के लिए रखा गया है। जांच पूरी होने और विमान को उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इसे दोबारा उड़ाने की अनुमति मिलने की संभावना है। फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर ग्राउंड वाहन प्रबंधन में चूक या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी। हादसे के बाद ग्राउंड वाहन प्रबंधन और एप्रन नियंत्रण की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।



