नई दिल्ली। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच महाराष्ट्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों और विकास परियोजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर प्रधानमंत्री मोदी और फडणवीस की मुलाकात की जानकारी साझा की। फडणवीस ने भी मुलाकात की तस्वीरें साझा करते हुए बताया कि उन्होंने दिल्ली में प्रधानमंत्री से विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की।
फडणवीस ने प्रधानमंत्री को महाराष्ट्र में चल रही कई विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। साथ ही केंद्र और राज्य सरकार की संयुक्त परियोजनाओं के लिए केंद्र से अतिरिक्त सहयोग का अनुरोध किया।
प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को बताया प्रेरणादायी
फडणवीस ने कहा कि प्रधानमंत्री से मुलाकात हमेशा प्रेरणादायी होती है और इससे सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। उन्होंने विकास से जुड़े मुद्दों पर प्रधानमंत्री के निरंतर मार्गदर्शन और महाराष्ट्र को मिल रहे मजबूत सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।



