Homeराजनीतिसंसद में हंगामा कर कामकाज रोक रही कांग्रेस, देशहित के मुद्दों पर...

संसद में हंगामा कर कामकाज रोक रही कांग्रेस, देशहित के मुद्दों पर चर्चा से भाग रहा विपक्ष : पाटिल

सूरत। केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल ने संसद के मानसून सत्र के दौरान विपक्षी दल कांग्रेस के रवैये और कार्यशैली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लगातार हंगामा कर संसद के महत्वपूर्ण कामकाज, जनहित के विषयों और जरूरी विधेयकों पर चर्चा में बाधा डाल रही है।

सूरत के एक होटल में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्रीय मंत्री पाटिल ने कहा कि कांग्रेस के नेता सदन में प्रश्न तो पूछते हैं, लेकिन उनके उत्तर सुनने का धैर्य नहीं रखते। उन्होंने आरोप लगाया कि गलत और अवास्तविक मांगों के जरिए संसद का बहुमूल्य समय बर्बाद किया जा रहा है। देशहित और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों पर सार्थक एवं सकारात्मक चर्चा करने के बजाय विपक्ष केवल हंगामा कर सदन की कार्यवाही बाधित करने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने पेपर लीक जैसे संवेदनशील मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार ने ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। इसके बावजूद विपक्ष इस विषय पर रचनात्मक भूमिका निभाने के बजाय राजनीति कर रहा है।

वंदे मातरम् और संसदीय प्रक्रिया पर भी उठाए सवाल

केंद्रीय मंत्री ने वंदे मातरम् से जुड़े विषयों तथा संसदीय प्रक्रियाओं और राष्ट्रहित से जुड़े अवसरों पर कांग्रेस के रवैये पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष से रचनात्मक सुझाव और सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा होती है, लेकिन कांग्रेस विरोध के लिए विरोध करके देश के विकास की गति को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि संसद देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थाओं में से एक है। इसके समय का उपयोग जनहित और राष्ट्रहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के लिए होना चाहिए। सरकार चाहती है कि संसद में गंभीर विषयों पर सार्थक चर्चा हो और जनहित से जुड़े विधेयकों पर सभी पक्ष अपनी बात रखें।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में स्थानीय नेता रहे मौजूद

प्रेस कॉन्फ्रेंस में सांसद प्रभुभाई वसावा, सूरत शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल, विधायक अरविंदभाई राणा, प्रवीणभाई घोघारी, संगीताबेन पाटिल, स्थायी समिति के अध्यक्ष राजनभाई पटेल, शहर के पूर्व महामंत्री किशोरभाई बिंदल सहित स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments