Homeबिहारलखीसराय मंदिर भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री...

लखीसराय मंदिर भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत, उपराष्ट्रपति और रक्षा मंत्री समेत कई नेताओं ने जताया दुख

नई दिल्ली। बिहार के लखीसराय जिले के अशोकधाम शिव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को हुई भगदड़ में सात श्रद्धालुओं की मौत पर उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत कई राजनेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर घटना पर शोक जताया। उन्होंने मृत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि इस दुखद घटना में जान गंवाने वाले श्रद्धालुओं के परिवारों के प्रति उनकी गहरी संवेदनाएं हैं।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हादसे को हृदयविदारक बताया। उन्होंने भगदड़ में श्रद्धालुओं की मौत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।

शिवराज सिंह चौहान और रेखा गुप्ता ने भी जताया दुख

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने श्रद्धालुओं की मौत और कई लोगों के घायल होने की खबर को अत्यंत पीड़ादायक बताया। उन्होंने दिवंगत श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अशोकधाम शिव मंदिर में हुए हादसे को बेहद दुखद और पीड़ादायक बताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में उन्हें धैर्य और संबल मिले। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।

केजरीवाल ने भी जताई संवेदना

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी लखीसराय हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और धार्मिक स्थलों पर भीड़ प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments