इंफाल। मणिपुर पुलिस और सुरक्षा बलों ने अलग-अलग अभियानों में अवैध हथियार तस्करी, मादक पदार्थ तस्करी और उग्रवादी गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में दो महिलाएं, एनडीपीएस अधिनियम का एक आरोपित और प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की एक सक्रिय महिला कैडर शामिल है।
पुलिस मुख्यालय के अनुसार, इंफाल पूर्व जिले के एंड्रो थाना क्षेत्र स्थित शांता बाजार से रुहिदा बेगम (46) और रोहाना बेगम (18) को गिरफ्तार किया गया। दोनों पर अवैध रूप से हथियार और विस्फोटकों की खरीद, परिवहन और बिक्री में शामिल होने का आरोप है। उनके कब्जे से एक हैंड ग्रेनेड बरामद किया गया, जिसे वे कथित तौर पर एक संभावित खरीदार को बेचने लाई थीं।
एनडीपीएस मामले का आरोपित भी गिरफ्तार
एक अन्य अभियान में पुलिस ने सेनापति थाने में दर्ज एनडीपीएस अधिनियम के मामले के आरोपित आदित्य ढकाल (25) को कांगपोकपी जिले के मोतबुंग के निकट चरहजारे क्षेत्र से गिरफ्तार किया। वह कांगपोकपी जिले के पानीखेती इरांग पार्ट-द्वितीय का निवासी है।
प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन की महिला कैडर भी पकड़ी गई
सुरक्षा बलों ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) की सक्रिय महिला कैडर लुवांगथेम रोनिता देवी उर्फ टोरो (24) को इंफाल पूर्व जिले के पोरोम्पत थाना क्षेत्र के खुराई हेइख्रुमाखोंग इलाके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी मामलों में आगे की जांच शुरू कर दी है।


