मनोज बाजपेयी की ‘द फैमिली मैन 4’ कन्फर्म

अभिनेता मनोज बाजपेयी की लोकप्रिय वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के प्रशंसकों के लिए अच्छी खबर है। निर्माताओं राज और डीके ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि सीरीज के चौथे सीजन पर काम शुरू हो चुका है। नवंबर 2025 में रिलीज हुए तीसरे सीजन के बाद से ही दर्शक अगले भाग का इंतजार कर रहे थे। अब मेकर्स ने साफ कर दिया है कि सीजन 4 की कहानी लिखी जा रही है और श्रीकांत तिवारी की अधूरी कहानी आगे बढ़ेगी।

एक इंटरव्यू में राज और डीके ने बताया कि उन्होंने शुरू से ही सीजन 3 और सीजन 4 को एक लंबी कहानी के रूप में तैयार किया था। उन्होंने कहा, “कुछ दर्शकों को लगा कि तीसरा सीजन बीच में खत्म हो गया, लेकिन हमारे लिए मुख्य कहानी एक तार्किक मोड़ पर पहुंच चुकी थी। सिर्फ श्रीकांत तिवारी की निजी कहानी अधूरी थी, जिसे अगले सीजन में आगे बढ़ाया जाएगा। फिलहाल हम तेजी से इसकी स्क्रिप्ट पर काम कर रहे हैं।”

साल 2019 में शुरू हुई ‘द फैमिली मैन’ में मनोज बाजपेयी ने खुफिया अधिकारी श्रीकांत तिवारी का किरदार निभाया है, जो देश की सुरक्षा और पारिवारिक जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करता है। सीरीज के तीनों सीजन दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय रहे हैं। इसमें प्रियामणि, शारिब हाशमी, वेदांत सिन्हा और अश्लेषा ठाकुर भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं। अब चौथे सीजन के साथ श्रीकांत तिवारी एक बार फिर नए मिशन पर लौटेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *