HomeE-Paperमुजफ्फरपुर के प्रसाद हास्पिटल में लगी भीषण आग, 4 जिंदा जले

मुजफ्फरपुर के प्रसाद हास्पिटल में लगी भीषण आग, 4 जिंदा जले

  • दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोरा
  • हादसे में 20 से ज्यादा लोग झुलसे, सीएम ने 4 लाख मुआवजे का ऐलान किया

मुजफ्फरपुर।

मुजफ्फरपुर के ब्रह्मपुरा स्थित प्रसाद हॉस्पिटल में गुरुवार तड़के भीषण अग्निकांड हो गया। पांचवीं मंजिल पर बने आइसीयू वार्ड में करीब 3:30 बजे लगी आग ने अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मचा दी। हादसे में 4 मरीजों की मौत हो गई और 20 से ज्यादा लोग झुलस गए।

-कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आग लगते ही पूरे ICU में धुआं भर गया। वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर भर्ती मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी। एक परिजन ने बताया कि धुएं के बीच रुमाल बांधकर भी अंदर जाना मुश्किल हो रहा था। सूचना मिलते ही दमकल की एक दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने खिड़की-दरवाजे तोड़कर मरीजों को बाहर निकाला और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।

-आधिकारिक पुष्टि और राहत कार्य

एसपी कांतेश मिश्रा ने प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह बताया है। जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन और एसएसपी ने अब तक 3 मौतों की पुष्टि की है, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में मृतकों की संख्या 4 बताई जा रही है। डीएम ने बताया कि आइसीयू और सीसीयू में भर्ती 12-13 मरीजों को तुरंत पास के अस्पतालों में शिफ्ट कर दिया गया है। इस दौरान आइसीयू इंचार्ज भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने का निर्देश दिया है। घायलों के इलाज के लिए सदर अस्पताल में विशेष व्यवस्था की गई है।

-लापरवाही के आरोप

हादसे के बाद मृतक और घायलों के परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों में लापरवाही का आरोप लगाया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि आग लगने के समय वहां पर्याप्त स्टाफ मौजूद नहीं था। फायर ऑफिसर आरएन पांडे के अनुसार बचाव दल पहुंचने पर ज्यादातर कर्मचारी मौके पर नहीं थे। प्रशासन ने अब फायर एनओसी , फायर फाइटिंग सिस्टम और अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।

  • हादसा एक नजर में

स्थान : प्रसाद हॉस्पिटल, ब्रह्मपुरा, मुजफ्फरपुर
समय – 4 जून, तड़के 3:30 बजे
वजह- प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट
नुकसान -4 मरीजों की मौत, 20 से ज्यादा झुलसे

रेस्क्यू*- 12-13 मरीज अन्य अस्पतालों में शिफ्ट
मुआवजा – सीएम सम्राट चौधरी ने 4-4 लाख रुपये का ऐलान किया

इस दर्दनाक हादसे ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। प्रशासन ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपने और घायलों के बेहतर इलाज की बात कही है। घटना की मजिस्ट्रेट जांच शुरू कर दी गई है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments