रांची । राजधानी रांची में गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर एक बड़े होटल कारोबारी से 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। धमकी मिलने के बाद कारोबारी ने लोअर बाजार थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, फिरायालाल चौक स्थित प्रसिद्ध जलजोगा रेस्टूरेंट के मालिक मिहिर घोष को एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप पर धमकी भरा संदेश भेजा गया। संदेश में खुद को गैंगस्टर प्रिंस खान बताते हुए 50 लाख रुपये की ‘प्रोटेक्शन मनी’ की मांग की गई और रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी गई।
धमकी भरे संदेश में दावा किया गया कि कारोबारी, उनके भाई समीर घोष और पूरे परिवार की रेकी की जा चुकी है। मैसेज में परिवार के सदस्यों को नुकसान पहुंचाने की धमकी देते हुए जल्द से जल्द ‘सेटलमेंट’ करने को कहा गया। साथ ही ‘टिटोस’ जैसी घटना का हवाला देकर भय पैदा करने की कोशिश की गई।
मामले में केवल मैसेज ही नहीं, बल्कि व्हाट्सएप वॉयस कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए भी धमकी दी गई। कारोबारी द्वारा कॉल रिसीव नहीं किए जाने पर आरोपितों ने वॉयस मैसेज भेजकर पुलिस को सूचना देने पर भी गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी।
धमकी मिलने के बाद मिहिर घोष, उनके भाई समीर घोष और परिवार के अन्य सदस्य दहशत में हैं। घटना की जानकारी मिलते ही कारोबारी ने लोअर बाजार थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि जलजोगा रेस्टूरेंट के मालिक से गैंगस्टर प्रिंस खान के नाम पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगे जाने की शिकायत प्राप्त हुई है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और पुलिस तकनीकी तथा अन्य पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि धमकी देने वाले का वास्तव में गैंगस्टर प्रिंस खान से कोई संबंध है या फिर उसके नाम का इस्तेमाल कर रंगदारी वसूलने की कोशिश की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है।
