बीजेपी विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक की पीट-पीटकर हत्या, माता-पिता और बेटी लहूलुहान

कोडरमा : झारखंड के कोडरमा थाना क्षेत्र अंतर्गत चितरपुर गांव में बुधवार की रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। यहाँ कोडरमा विधानसभा क्षेत्र की भाजपा विधायक डॉ. नीरा यादव के निजी चालक 40 वर्षीय राजकुमार यादव (पिता दशरथ यादव) की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस खूनी संघर्ष में बीच-बचाव करने आए चालक के पिता दशरथ यादव (60 वर्ष), मां सुधा देवी (55 वर्ष) और उनकी 15 वर्षीया पुत्री सोनिका कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में पिता दशरथ यादव की स्थिति अत्यंत नाजुक बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स (RIMS) रेफर किया गया है, जबकि मां और बेटी का इलाज कोडरमा सदर अस्पताल में जारी है।

विधायक ने उठाए पुलिस की कार्यशैली पर सवाल, थाना प्रभारी की भूमिका को बताया संदिग्ध

वारदात की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक डॉ. नीरा यादव तुरंत कोडरमा सदर अस्पताल पहुँचीन और पीड़ित परिजनों से मिलकर ढांढस बंधाया। उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कोडरमा पुलिस की कार्यशैली पर बेहद तीखे सवाल खड़े किए हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी साजिश के तहत अंजाम दी गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार शाम को ड्यूटी के दौरान राजकुमार ने उन्हें सूचित किया था कि गांव में कुछ दबंग उनकी मां के साथ बदसलूकी कर गड्ढे में धकेल कर मिट्टी भर रहे हैं। इस पर विधायक ने तुरंत कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान को फोन कर पुलिस बल भेजने को कहा था, लेकिन पुलिस ने कोई तत्परता नहीं दिखाई।

एसपी और थाना प्रभारी पर लापरवाही का आरोप, थाने के सामने शव रखकर सड़क जाम

विधायक डॉ. नीरा यादव ने मीडिया से बातचीत में कड़ा आक्रोश जताते हुए कहा कि यदि कोडरमा थाना प्रभारी विकास पासवान समय रहते शिकायत पर कार्रवाई करते, तो उनके चालक की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने इस मामले में थाना प्रभारी की भूमिका को पूरी तरह संदिग्ध बताया है। साथ ही आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस अति संवेदनशील मामले की जानकारी कोडरमा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को दी, तब भी न तो एसपी खुद मौके पर पहुंचे और न ही अपराधियों की धरपकड़ के लिए कोई त्वरित एक्शन लिया गया। इस घोर प्रशासनिक लापरवाही और हत्या के विरोध में गुरुवार सुबह स्थानीय ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने मृतक राजकुमार यादव के शव को कोडरमा थाने के ठीक सामने बीच सड़क पर रखकर मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया है।

इलाके में भारी तनाव, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े ग्रामीण

सड़क जाम और पुलिस प्रशासन के खिलाफ उग्र नारेबाजी के कारण कोडरमा थाना क्षेत्र में इस समय भारी तनाव का माहौल बना हुआ है। प्रदर्शनकारी ग्रामीण और परिजन थाना प्रभारी को तत्काल सस्पेंड करने, मुख्य आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी करने और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग पर अड़े हुए हैं। सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। मौके पर तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी ग्रामीणों को समझाने-बुझाने का प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *