बोकारो में मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 4 गिरफ्तार

बोकारो। झारखंड के बोकारो जिले में अवैध विदेशी शराब के निर्माण और सिंडिकेट के खिलाफ पुलिस व उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चंद्रपुरा थाना क्षेत्र में छापेमारी कर पुलिस ने एक बड़ी अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में मौके से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि भारी मात्रा में नामी ब्रांड्स की अवैध विदेशी शराब, नकली रैपर, ढक्कन और शराब बनाने के उपकरण जब्त किए गए हैं।

एसपी की गुप्त सूचना पर बनी स्पेशल टीम, इन ठिकानों पर पड़ा छापा

मंगलवार को चंद्रपुरा थाना में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में बेरमो के एसडीपीओ (SDPO) रविन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक (SP) को इलाके में नकली शराब बनाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद उत्पाद विभाग के साथ मिलकर एक विशेष टीम का गठन किया गया।

संयुक्त टीम ने सबसे पहले चंद्रपुरा थाना क्षेत्र के तेलो पूर्वी बहियारटांड़ स्थित कामेश्वर कुमार के घर पर धावा बोला। वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए, क्योंकि घर के भीतर ही बड़े पैमाने पर नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी। इसके बाद कामेश्वर से मिली कड़ियों के आधार पर उसके सहयोगियों के ठिकानों पर भी ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।

ब्रांडेड शराब के नाम पर खपाने की थी तैयारी, भारी मात्रा में सामान जब्त

पुलिस ने अलग-अलग ठिकानों से नामी ब्रांड्स की नकली शराब की पेटियां बरामद की हैं। जब्त की गई सामग्रियों में शामिल हैं:

  • 15 पेटी ब्लैक टाइगर व्हिस्की
  • 12 पेटी ऑफिसर्स चॉइस व्हिस्की
  • 3 पेटी मैकडॉवेल नंबर-1 व्हिस्की
  • 3 पेटी रॉयल चैलेंजर व्हिस्की
  • 4 पेटी स्टर्लिंग रिजर्व बी-7 व्हिस्की
  • भारी संख्या में नकली ढक्कन, नामी कंपनियों के रैपर, स्टीकर और 5 मोबाइल फोन।

एसडीपीओ ने बताया कि ये लोग स्प्रिट और रसायनों की मदद से नकली शराब तैयार करते थे और फिर उस पर ब्रांडेड कंपनियों के रैपर व ढक्कन लगाकर असली के दाम पर बाजारों में सप्लाई करते थे।

मुख्य आरोपी का पुराना है आपराधिक इतिहास, 4 भेजे गए जेल

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कामेश्वर कुमार (33 वर्ष), विनय कुमार (32 वर्ष), दिनेश प्रजापति (41 वर्ष) और कृष्णा कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, मुख्य सरगना कामेश्वर कुमार का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले से भी अवैध शराब की तस्करी समेत कई संगीन मामले दर्ज हैं।

इस पूरी कार्रवाई को लेकर चंद्रपुरा थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस गिरोह के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज (सप्लाई चेन) को खंगालने में जुटी है कि आखिर यह नकली शराब कहाँ-कहाँ भेजी जा रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *