अंडमान पहुंचा मानसून, जानिए आपके जिले में कब होगी झमाझम बारिश!

रांची : झारखंड में मई की शुरुआत में हुई झमाझम बारिश से मिली राहत अब पूरी तरह गायब हो चुकी है। राज्य में एक बार फिर सूरज के तेवर तल्ख हो गए हैं। 15 मई के बाद से उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म पछुआ हवाओं (लू) ने पलामू, गढ़वा और चतरा समेत कई जिलों में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ा दिया है, जिससे हीट स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ गया है।

मौसम केंद्र रांची के निदेशक बाबूराज पीपी के अनुसार, फिलहाल राज्यवासियों को इस भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। खासकर पश्चिमी और उससे सटे इलाकों में अगले कुछ दिनों तक तपिश ऐसी ही बनी रहेगी।

10 जून तक झारखंड में मानसून की एंट्री संभव

गर्मी के इस सितम के बीच एक राहत भरी खबर भी है। मौसम केंद्र के मुताबिक, मानसून अंडमान पहुंच चुका है और इस बार यह अपनी सामान्य तिथि से पहले केरल में दस्तक दे सकता है।

मौसम वैज्ञानिक बाबूराज पीपी के अनुसार: “मानसून 26 मई तक केरल पहुंच सकता है। इसके बाद, 10 जून तक इसके झारखंड में प्रवेश करने की प्रबल संभावना है। मानसून के आने के बाद ही लोगों को इस झुलसाती गर्मी से स्थायी राहत मिल पाएगी।”

इन जिलों में बारिश और वज्रपात (बिजली गिरने) का अलर्ट

मौसम विभाग ने बताया कि राज्य में इस वक्त दो विपरीत मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। एक तरफ जहां पश्चिम से गर्म हवाएं आ रही हैं, वहीं दूसरी तरफ बंगाल की खाड़ी से नमी वाली हवाएं राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में प्रवेश कर रही हैं।

इस टकराव के कारण झारखंड के उत्तर-पूर्वी जिलों में अगले दो दिनों तक मौसम बदल सकता है। 22 और 23 मई को कई जिलों में तेज हवाओं, मेघ गर्जन और वज्रपात को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश भी हो सकती है।

इस साल ‘अल नीनो’ बढ़ाएगा टेंशन, कम बारिश के आसार

मौसम विभाग ने इस साल अल नीनो (El Niño) के प्रभाव को लेकर चिंता जताई है। इसके असर के कारण इस साल सामान्य से कम बारिश होने की आशंका है। शुरुआती अनुमानों के मुताबिक, इस मानसून सीजन में झारखंड में सामान्य से करीब 10% कम बारिश दर्ज की जा सकती है, जो किसानों के लिए चिंता का विषय बन सकती है।

#झारखंडमौसम, #मानसूनअपडेट, #रांचीमौसमकेंद्र

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *