Homeझारखंडबंगाल की खाड़ी में पहुंचा मानसून, 15 जून तक झारखंड में दस्तक...

बंगाल की खाड़ी में पहुंचा मानसून, 15 जून तक झारखंड में दस्तक की संभावना

रांची : दक्षिण-पश्चिम मानसून ने गुरुवार को बंगाल की खाड़ी में प्रवेश कर लिया है। मौसम विभाग के अनुसार, इसके कुछ घंटों के भीतर केरल पहुंचने की संभावना है। आमतौर पर केरल पहुंचने के बाद मानसून को झारखंड तक पहुंचने में 10 से 12 दिनों का समय लगता है। इसी आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि इस वर्ष मानसून 15 जून तक झारखंड में दस्तक दे सकता है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष राज्य में मानसून 17 जून को पहुंचा था।

मानसून के आगमन से पहले राज्यभर में प्री-मानसून गतिविधियां तेज होने की संभावना है। मौसम विभाग ने 4 जून से 8 जून तक झारखंड के विभिन्न जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसे देखते हुए विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक वर्षा गुमला जिले के सिसई में 9.2 मिलीमीटर दर्ज की गई। वहीं अधिकतम तापमान डाल्टनगंज में 41 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान लातेहार में 23.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

गुरुवार को राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सुबह आंशिक रूप से बादल छाए रहे, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया, जिससे लोगों को उमस और गर्मी का सामना करना पड़ा।

राज्य के प्रमुख शहरों का तापमान इस प्रकार दर्ज किया गया—

  • रांची : अधिकतम 35.7°C, न्यूनतम 24.7°C
  • जमशेदपुर : अधिकतम 38.1°C, न्यूनतम 28.2°C
  • डाल्टनगंज : अधिकतम 41°C, न्यूनतम 27.9°C
  • बोकारो : अधिकतम 39.5°C, न्यूनतम 27.2°C
  • चाईबासा : अधिकतम 38.4°C, न्यूनतम 26.6°C
  • खूंटी : अधिकतम 35.7°C, न्यूनतम 23.7°C

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है। आने वाले दिनों में प्री-मानसून बारिश से गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -spot_img

Most Popular

Recent Comments