Homeक्राइमसाइबर ठगों ने युवक के खाते से उड़ाए 1.70 लाख रुपये, मामला...

साइबर ठगों ने युवक के खाते से उड़ाए 1.70 लाख रुपये, मामला दर्ज

खूंटी : खूंटी जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां अज्ञात साइबर अपराधियों ने एक युवक के बैंक खाते से करीब 1.70 लाख रुपये निकाल लिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार, तोरपा निवासी ऐनुल को गुरुवार दोपहर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। बातचीत समाप्त होने के कुछ ही देर बाद उसके मोबाइल का नेटवर्क अचानक बंद हो गया। नेटवर्क सेवा बाधित होने पर उसे संदेह हुआ और वह तत्काल जियो सर्विस सेंटर पहुंचा, जहां तकनीकी सहायता के बाद उसका मोबाइल नंबर दोबारा सक्रिय किया गया।

मोबाइल नंबर चालू होने के बाद उसके फोन पर लगातार ओटीपी और बैंकिंग लेनदेन से जुड़े संदेश आने लगे। साथ ही फोनपे और बैंक खाते से रकम निकासी के कई अलर्ट भी प्राप्त हुए। खाते की जांच करने पर उसे पता चला कि अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से उसके खाते से करीब 1 लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित ने बैंक अधिकारियों से संपर्क किया और बाद में तोरपा थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस और प्रशासन ने लोगों से साइबर अपराधियों से सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी अज्ञात कॉल पर अपनी व्यक्तिगत या बैंकिंग जानकारी साझा न करें, ओटीपी किसी के साथ साझा न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें।

प्रशासन ने लोगों को सलाह दी है कि साइबर ठगी की किसी भी घटना या संदिग्ध गतिविधि की स्थिति में तुरंत बैंक, स्थानीय पुलिस या राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments