Homeझारखंडदुमका में बस और ट्रक की सीधी टक्कर, हादसे में 12 से...

दुमका में बस और ट्रक की सीधी टक्कर, हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल

दुमका: जिले के रामपुरहाट मुख्य मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव के पास शुक्रवार को एक यात्री बस और ट्रक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क से उतरते हुए खेत में पलट गई। इस हादसे में बस में सवार 12 से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। बताया गया कि कृष्ण रजत नाम की यह यात्री बस पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट से दुमका की ओर आ रही थी। दुमका बस पड़ाव से करीब आठ किलोमीटर पहले रामपुर गांव के समीप विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बस चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सीधे खेत में जाकर पलट गई। उस समय बस यात्रियों से पूरी तरह भरी हुई थी। बस में सवार यात्री मोहम्मद आजाद अंसारी ने बताया कि बस चालक ने सामने से आ रहे अनियंत्रित ट्रक से बचने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका, जिसके कारण यह हादसा हुआ। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी लॉरेंसिया केरकेट्टा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। उन्होंने बताया कि तत्काल एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments