पूर्वी सिंहभूम। स्वतंत्रता दिवस के दिन जमशेदपुर में चोरों ने दो अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया। परसुडीह थाना क्षेत्र में एक मकान से करीब 7 से 8 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और 60 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। वहीं, सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह में एक शराब दुकान का शेड काटकर चोरों ने गल्ले में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये पर हाथ साफ कर दिया। दोनों मामलों में पुलिस जांच में जुटी है।
परिवार के बाजार जाने के दौरान घर में घुसे चोर
परसुडीह के छोटा गोविंदपुर गदरा स्थित गोकुल नगर के अंबेडकर नगर में राजा शर्मा के घर चोरी हुई। बताया गया कि 15 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे राजा शर्मा परिवार के साथ निजी काम से परसुडीह बाजार गए थे। करीब दो घंटे बाद शाम पांच बजे जब वे घर लौटे तो अंदर का सामान अस्त-व्यस्त मिला।
घर की जांच करने पर 60 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण गायब मिले। परिजनों के मुताबिक चोरी हुए आभूषणों की कीमत करीब 7 से 8 लाख रुपये है। सूचना मिलने के बाद परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
जिला परिषद सदस्य डॉ. परितोष सिंह ने भी घटना पर चिंता जताई। उन्होंने पुलिस से जल्द चोरी का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार करने की मांग की। साथ ही क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए नियमित गश्ती और संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने की मांग की।
बारीडीह की शराब दुकान में शेड काटकर चोरी
दूसरी घटना सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के बारीडीह की है। यहां एक शराब दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। दुकान संचालक के अनुसार, 14 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद वह घर चला गया था। 16 अगस्त की सुबह करीब 10 बजे दुकान खोलने पहुंचा तो पीछे का शेड कटा हुआ मिला।
दुकान के अंदर जांच करने पर गल्ले में रखे करीब 60 से 70 हजार रुपये गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की और घटनास्थल से जुड़े सीसीटीवी फुटेज व अन्य वीडियो अपने कब्जे में लिए हैं। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने के साथ उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस कार्रवाई कर रही है।



