पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के गालूडीह थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल से गांजा लेकर जमशेदपुर की ओर जा रहे तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से गांजा के अलावा एक ग्लैमर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी जब्त किया गया है।
ओडिशा से गांजा लाने की मिली थी सूचना
ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल ने रविवार को बताया कि 15 अगस्त को पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग ओडिशा से गांजा लेकर मोटरसाइकिल के जरिए गालूडीह होते हुए जमशेदपुर की ओर आने वाले हैं। सूचना के आधार पर वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने गालूडीह बराज के समीप कैनाल रोड पर निगरानी और घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्धों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से करीब 11 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने तीनों को मौके से गिरफ्तार कर मोटरसाइकिल और हेलमेट भी जब्त कर लिया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रमेश सिंह (43), श्याम नाथ राय (38) और बाबूलाल यादव (50) के रूप में हुई है। तीनों जमशेदपुर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं।
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में आरोपितों ने गांजा के अवैध कारोबार से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी हैं। पुलिस को आशंका है कि तस्करी के पीछे एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। पूछताछ के आधार पर गांजा कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है।
इस मामले में गालूडीह थाना में कांड संख्या 17/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस नेटवर्क से जुड़े अन्य संभावित आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
कार्रवाई में गालूडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी अजय बागे, सहायक अवर निरीक्षक संजय कुमार, नुर मिंज सहित थाना रिजर्व गार्ड के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



