Homeझारखंडअवैध भैंसा लड़ाई के दौरान उग्र भैंसा के हमले से एक व्यक्ति...

अवैध भैंसा लड़ाई के दौरान उग्र भैंसा के हमले से एक व्यक्ति की मौत

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलडीह पंचायत के जोबा गांव में सोमवार को आयोजित अवैध काड़ा (भैंसा) लड़ाई प्रतियोगिता के दौरान उग्र भैंसा के हमले से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका नाबालिग बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।घटना जोबा गांव के फुटबॉल मैदान में हुई, जहां युवा कमेटी की ओर से काड़ा लड़ाई का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता को देखने के लिए आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। चार जोड़ा भैंसों की लड़ाई शांतिपूर्वक संपन्न हो चुकी थी। पांचवें मुकाबले के दौरान एक भैंसा अचानक बेकाबू हो गया और दूसरे भैंसा को दौड़ाते हुए मैदान के बाहर ले गया।इसी दौरान उग्र भैंसा ने दर्शकों में खड़े जोबा गांव निवासी सुभाष कर्मकार (55) पर अचानक हमला कर दिया। भैंसा ने उन्हें सींग पर उठाकर जमीन पर पटक दिया। इस हमले में उनके साथ मौजूद नाबालिग बेटे सागर कर्मकार (15) को भी गंभीर चोटें आईं।घटना में सुभाष कर्मकार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि सागर कर्मकार के पैर में गंभीर चोट आई और एक पैर की हड्डी टूट गई। हमले के बाद मैदान में अफरा-तफरी मच गई। हैरानी की बात यह रही कि घटना के बावजूद कुछ समय तक मेला जारी रहा तथा दो और जोड़ी भैंसों की लड़ाई कराई गई।सूचना मिलने के बाद बोड़ाम पुलिस करीब ढाई बजे घटनास्थल पर पहुंची और भीड़ को हटाते हुए मेला को तत्काल बंद कराया। घायल पिता-पुत्र को स्थानीय लोगों की मदद से एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान सुभाष कर्मकार की मौत हो गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा और प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। इस दुखद घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।इस संबंध में बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार ने बताया कि पुलिस को मेला आयोजन की कोई पूर्व सूचना नहीं दी गई थी और गुप्त रूप से काड़ा लड़ाई का आयोजन किया गया था। उन्होंने कहा कि मेला कमेटी और आयोजन से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है तथा मामले की जांच जारी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments