Homeझारखंडझारखंड में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्थानीय भाषा के कार्टून...

झारखंड में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए स्थानीय भाषा के कार्टून फिल्मों का सहारा ले रही पुलिस

वोटर को फोकस कर बनाया गया कार्टून फिल्म

रांची। राज्य में लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है। एक तरफ जहां शांतिपूर्ण और सुरक्षित चुनाव संपन्न कराना पुलिस की जिम्मेदारी है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस लोकतंत्र के महापर्व में हर कोई अपना योगदान दे इसके लिए भी जोरदार प्रयास कर रही है। पुलिस स्थानीय भाषाओं में कार्टून फिल्में तैयार कर लोगों को जागरूक कर रही है। झारखंड में चार चरणों में चुनाव होने हैं। पहले चरण में 13 मई को चार संसदीय सीटों सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा तथा पलामू में मतदान होगा। वोटिंग प्रतिशत बढ़ सके, इसके लिए हर विभाग अपने-अपने तरह से प्रयास कर रहा है। झारखंड पुलिस भी अलग-अलग तरह से आम लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित कर रही है। इसके लिए बाकायदा स्थानीय भाषा में कार्टून फिल्में भी बनाई गई हैं, जिसके माध्यम से लोगों तक लोकतंत्र के महापर्व में भाग लेने की अपील की जा रही है।

राज्य के विभिन्न जिलों में अलग-अलग स्थानीय भाषाएं बोली जाती हैं। ऐसे में यदि उनकी भाषा में ही उन्हें लोकतंत्र के महापर्व के बारे में बताया जाए तो यह बेहद कारगर सिद्ध होगा। यही वजह है कि राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस कार्टून सीरीज बनाकर उसके जरिए वोट देने के लिए लोगों को प्रेरित कर रही है। नागपुरी भाषा में बनाया गया कार्टून फिल्म काफी लोकप्रिय हो रहा है। इस कार्टून फिल्म में दो गांव वाले आपस में बात करते नजर आते हैं। इनमें से एक पूछता है कि वोट देने जाना है कि नहीं, तो दूसरा उसे समझाता है कि मतदान करना उनका अधिकार है। पहले मतदान करना है और फिर जलपान करना है।

स्थानीय भाषा में ही लोगों को यह भी कार्टून के जरिए समझाया गया है कि यदि आपको कोई भी वोट देने से मना करता है, डरता है या धमकाता है तो आप उसकी शिकायत तुरंत पुलिस से करें। इसके लिए डायल 100 और डायल 112 की मदद लें। वीडियो को पुलिस ने सोशल मीडिया पर प्रचार प्रसार के लिए तो डाला ही है, साथ ही पंचायत स्तर पर काम करने वाले यूथ टीम को भी वीडियो भेजा गया है। कार्टून फिल्मों में उस लोकसभा क्षेत्र में होने वाले मतदान की तिथि को लेकर भी जानकारी दी गई है।

इस संबंध में डीजीपी अजय कुमार सिंह ने बताया कि जिले की पुलिस अपने-अपने स्तर से विभिन्न तरह के जागरुकता अभियान चला रही है, ताकि वोटिंग प्रतिशत बढ़ाया जा सके। पुलिस के पास जो भी साधन हैं उसका प्रयोग कर आम लोगों को मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस बार के मतदान में कोई भी मतदाता छूटे नहीं, इस ध्येय से कार्य किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments