रांची। झारखंड की राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित निवारणपुर में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रांत कार्यालय पर मंगलवार देर रात पेट्रोल बम फेंके जाने की घटना से सनसनी फैल गई। हालांकि घटना में कोई नुकसान नहीं हुआ, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
सॉस की बोतल में भरकर फेंका गया पेट्रोल
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दो संदिग्ध युवकों ने सॉस की बोतल में पेट्रोल भरकर कार्यालय परिसर की ओर फेंका। दोनों बोतलें कार्यालय की बाउंड्री से पहले ही गिर गईं, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए एफएसएल सहित कई टीमों को लगाया गया है। घटना की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं, जिनके आधार पर आरोपितों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
आरएसएस कार्यालय पहुंचे भाजपा नेता
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विधायक सीपी सिंह और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ बुधवार को आरएसएस कार्यालय पहुंचे। नेताओं ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की।
सुरक्षा एजेंसियां सतर्क
पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के पीछे की मंशा और आरोपितों की पहचान का पता लगाने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियों ने आसपास के क्षेत्रों की निगरानी बढ़ा दी है।
