बीमारी और मानसिक तनाव से जूझ रहे वृद्ध की मौत, पुलिस जांच में जुटी

जमशेदपुर। सोनारी थाना क्षेत्र के मदबुद मोहल्ला में शनिवार सुबह एक 66 वर्षीय वृद्ध की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मदबुद मोहल्ला निवासी बाबू लाल सुबह नियमित रूप से टहलने के बाद घर लौटे थे। कुछ समय बाद परिजनों ने उन्हें कमरे में अचेत अवस्था में पाया। घटना की जानकारी तत्काल सोनारी थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को कब्जे में ले लिया। मामले में अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

परिजनों के अनुसार, बाबू लाल लंबे समय से विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और इसी कारण मानसिक तनाव में भी रहते थे। प्रारंभिक तौर पर पुलिस बीमारी और तनाव को घटना से जोड़कर देख रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

मृतक अपने पीछे पत्नी, दो बच्चों और भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *