स्वास्थ्य अधिकारी के ठिकानों पर की छापेमारी ,भारी मात्रा में नकदी और ज्वेलरी बरामद

पटना: आय से अधिक संपत्ति मामले में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारी पंकज कुमार के ठिकानों पर विशेष निगरानी इकाई (SVU) की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई की। टीम ने पटना समेत तीन ठिकानों पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकदी और ज्वेलरी बरामद की है।

जानकारी के अनुसार, SVU की टीम सुबह करीब 8 बजे पटना के कदमकुंआ स्थित कनिका मैहर अपार्टमेंट में छापा मारने पहुंची। उस समय बिहार मेडिकल सर्विसेज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BMSICL) के DGM (प्रोजेक्ट) पंकज कुमार अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे।

जैसे ही जांच एजेंसी की टीम घर में दाखिल हुई, पंकज कुमार घबरा गए और खिड़की से नोटों के बंडल बाहर फेंकने लगे। टीम ने घर के बाहर कचरे के ढेर से करीब 5 लाख रुपए बरामद किए।

छापेमारी के दौरान दोपहर तक 15 लाख रुपए कैश जब्त किए गए, जो शाम तक बढ़कर 32 लाख रुपए तक पहुंच गया। इसके अलावा SVU की टीम ने तीन ठिकानों से करीब 1.32 करोड़ रुपए की ज्वेलरी भी जब्त की है।

जांच के दौरान कैश, गहनों के साथ जमीन से जुड़े दस्तावेज और अन्य कीमती सामान भी बरामद किए गए हैं। शुरुआती जांच में लगभग 96 लाख रुपए से अधिक की अवैध संपत्ति से जुड़े दस्तावेज सामने आए हैं।

पंकज कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के कांटी इलाके के रहने वाले हैं। SVU की टीम फिलहाल बरामद संपत्ति और दस्तावेजों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *