कोलकाता मेट्रो में सफर कर यात्रियों से मिले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, नबान्न में की अहम बैठक

कोलकाता : केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव शनिवार को कोलकाता दौरे पर पहुंचे, जहां उन्होंने मेट्रो रेल में सफर कर आम यात्रियों से बातचीत की और मेट्रो सेवाओं का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ राज्य सरकार के मंत्री जगन्नाथ चटर्जी और सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो भी मौजूद रहे।

जानकारी के अनुसार, कोलकाता एयरपोर्ट पहुंचने के बाद रेल मंत्री सीधे ‘जय हिंद’ मेट्रो स्टेशन पहुंचे और वहां से मेट्रो ट्रेन में सवार होकर यात्रा की। सफर के दौरान उन्होंने यात्रियों से बातचीत कर मेट्रो सेवाओं को लेकर उनकी राय जानी। यात्रियों ने कोलकाता मेट्रो की सुविधाओं और सेवाओं की सराहना की।

मेट्रो यात्रा के बाद अश्विनी वैष्णव नोआपाड़ा स्टेशन पहुंचे। वहां से उन्होंने आगे की यात्रा के लिए प्रामोदनगर (बेलघरिया हाईवे) क्षेत्र में वाहन बदला। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए वाहन को नोआपाड़ा क्षेत्र में प्रवेश नहीं कराया गया, ताकि आम लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसके बाद रेल मंत्री ने प्रामोदनगर से ऑटो रिक्शा के जरिए आगे का सफर तय किया और नबान्न पहुंचे, जहां राज्य सरकार के साथ विभिन्न रेल एवं मेट्रो परियोजनाओं को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। उनकी यह यात्रा आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही, क्योंकि उन्होंने अपेक्षाकृत सरल और सामान्य तरीके से यात्रा की।

बैठक के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार कोलकाता मेट्रो के विस्तार और आधुनिकीकरण के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम कर रही है। उन्होंने बताया कि अगले चार से पांच वर्षों में करीब 60 नई पीढ़ी की मेट्रो ट्रेनों को कोलकाता मेट्रो नेटवर्क में शामिल करने की योजना है, जिससे यात्रियों को बेहतर और आधुनिक परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

अश्विनी वैष्णव ने कहा कि चिंगड़ीघाटा क्षेत्र में निर्माण कार्य पूरा होने के बाद कोलकाता में यातायात व्यवस्था और अधिक सुगम हो जाएगी। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार की विभिन्न परियोजनाओं के पूरा होने से शहर की कनेक्टिविटी और सार्वजनिक परिवहन प्रणाली को नई मजबूती मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *