Homeक्राइमसीआरपीएफ जवान समेत दो हिरासत में, राइफल और 50 कारतूस बरामद

सीआरपीएफ जवान समेत दो हिरासत में, राइफल और 50 कारतूस बरामद

बारामूला : जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान एक कार से सीआरपीएफ जवान समेत दो लोगों को हिरासत में लिया है। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 12-बोर राइफल और 50 कारतूस बरामद किए गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस के अनुसार, कनिस्पोरा-जाहामा क्रॉसिंग पर एसओजी बारामूला और 52 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) की संयुक्त टीम द्वारा देर रात चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जम्मू पंजीकरण संख्या जेके02डीएन-6527 वाली एक बलेनो कार को जांच के लिए रोका गया।

वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान सिकंदर खान (32) निवासी गिंगल उरी और वकील अहमद ठाकरी (40) निवासी कमलकोट उरी के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच में पता चला कि वकील अहमद ठाकरी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) में जवान हैं। वह पहले छत्तीसगढ़ स्थित 218वीं बटालियन में तैनात थे और हाल ही में उनका तबादला राजस्थान की 237वीं बटालियन में हुआ था। हालांकि उन्होंने अभी नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण नहीं किया था।

पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि दोनों व्यक्ति पिछले दो दिनों से वाहन के साथ इलाके में घूम रहे थे। संदेह के आधार पर वाहन और दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई, जिसमें एक 12-बोर राइफल और 50 कारतूस बरामद हुए।

बरामदगी के बाद दोनों को पूछताछ के लिए जीआईसी बारामूला लाया गया और बाद में आगे की कानूनी कार्रवाई एवं जांच के लिए बारामूला पुलिस स्टेशन के हवाले कर दिया गया।

जांच के दौरान यह सामने आया कि बरामद 12-बोर राइफल वकील अहमद ठाकरी के नाम पर लाइसेंसी हथियार है, जिसे उन्होंने 5 जून 2026 को जम्मू के गंग्याल क्षेत्र से खरीदा था। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है और बरामद हथियार को लेकर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन भी किया जा रहा है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments