Homeझारखंडभाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे,...

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन दो दिवसीय दौरे पर रांची पहुंचे, संगठन विस्तार पर होगा मंथन

रांची : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर झारखंड की राजधानी रांची पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा है, जिसे संगठनात्मक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

रांची पहुंचने के बाद नितिन नवीन सबसे पहले भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा स्थल पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने जननायक कर्पूरी ठाकुर तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता और संगठन निर्माता कैलाशपति मिश्र की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

श्रद्धांजलि कार्यक्रमों के बाद भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने पार्टी की कोर कमेटी के सदस्यों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में संगठन विस्तार, बूथ सशक्तीकरण, सदस्यता अभियान, जनसंपर्क कार्यक्रमों और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर रणनीति पर विचार-विमर्श होने की संभावना है।

भाजपा सूत्रों के अनुसार, नितिन नवीन अपने प्रवास के दौरान सांसदों, विधायकों, जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठक करेंगे। इन बैठकों में संगठन की वर्तमान स्थिति, भविष्य की कार्ययोजना और आगामी राजनीतिक चुनौतियों को लेकर चर्चा की जाएगी। साथ ही कार्यकर्ताओं को आगामी अभियानों के लिए तैयार करने और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया जाएगा।

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि अगले दो दिनों तक विभिन्न स्तरों पर बैठकों और विचार-विमर्श का दौर चलेगा। उन्होंने कहा कि नितिन नवीन के मार्गदर्शन से संगठन को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी तथा भाजपा जनता के बीच अपनी पहुंच को और मजबूत करेगी।

रांची एयरपोर्ट पर प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदीप वर्मा, भानु प्रताप शाही सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular

Recent Comments