गुवाहाटी। असम में बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए राज्यसभा सांसद तेरेस गोवाला और योगेन महन ने मुख्यमंत्री राहत कोष में अपने वेतन का अंशदान दिया है। दोनों सांसदों ने बाढ़ प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास कार्यों में सहयोग के लिए यह कदम उठाया है।
ऊपरी असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर
नगालैंड के मोन जिले में बादल फटने और लगातार भारी बारिश के कारण ऊपरी असम में बाढ़ की स्थिति और विकट हो गई है। कार्बी पहाड़ियों में सोमवार को हुई भारी बारिश के बाद डिजू नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे कलियाबर क्षेत्र के कई इलाके जलमग्न हो गए।
कलियाबर के शालना, कालापानी और आमगुड़ी क्षेत्र बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। यहां कई घरों में पानी घुस गया है, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
500 से अधिक लोग प्रभावित, राहत कार्य जारी
प्रशासन के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों के करीब 90 परिवारों के लगभग 500 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने का काम जारी है।


